प्रियंका असम के पारंपरिक परिधान में दिख रही हैं। उनकी पीठ पर चाय की पत्तियां तोड़ने वाली महिलाओं की तरह से एक टोकरी भी बंधी हुई है। प्रियंका बड़ा करीने से पत्तियां तोड़ने के साथ महिलाओं से बात करती भी दिख रही हैं।

चुनावी रण में जीत हासिल करने के लिए राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी भी खासा जोर लगा रही हैं। राहुल जहां बीते दिन तमिलनाडु के स्कूल में डांस के साथ पुशअप्स लगाते दिखे तो अभी उनकी बहन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें प्रियंका बिश्वनाथ के Sadhuru चाय के बागान में पत्तियां तोड़ती दिख रही हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को काफी पसंद कर रहे हैं।
वीडियो में प्रियंका असम के पारंपरिक परिधान में दिख रही हैं। सिर पर पारंपरिक स्कार्फ दिख रहा है तो उनकी पीठ पर चाय की पत्तियां तोड़ने वाली महिलाओं की तरह से एक टोकरी भी बंधी हुई है। उनके आसपास और भी महिलाएं काम करती वीडियो में दिख रही हैं। प्रियंका बड़ा करीने से पत्तियां तोड़ने के साथ महिलाओं से बात करती भी दिख रही हैं। प्रियंका उनसे बागान के बारे में जानकारी हासिल करती दिख रही हैं।
प्रियंका ने ट्वीट करके कहा कि चाय बागान के श्रमिकों का जीवन सच्चाई एवं सादगी से भरा हुआ है। उनका श्रम देश के लिए बहुमूल्य है। आज उनके संग बैठकर उनके कामकाज, घर परिवार का हालचाल जाना और उनके जीवन की कठिनाइयों को महसूस किया। उनसे मिला प्रेम और ये आत्मीयता नहीं भूलेंगी। असम की बहुरंगी संस्कृति ही इसकी शक्ति है। असम यात्रा के दौरान लोगों से मिलकर महसूस किया कि लोग इस बहुरंगी संस्कृति को बचाने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता से तैयार हैं। उनका कहना है कि असम के लोगों की लड़ाई में कांग्रेस पार्टी उनके साथ है।
#WATCH Assam: Congress General Secretary Priyanka Gandhi Vadra plucks tea leaves with other workers at Sadhuru tea garden, Biswanath. pic.twitter.com/8jpQD8IHma
— ANI (@ANI) March 2, 2021
असम: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने साधारु में चाय बागान के कर्मचारियों से बातचीत की। pic.twitter.com/lhQXBplMQB
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 2, 2021
गौरतलब है कि पांच राज्यों के चुनाव कांग्रेस के साथ गांधी परिवार के लिए भी बहुत ज्यादा अहम हैं। जिस तरह से कांग्रेस के 23 नेताओं ने गांधी परिवार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है, उसमें चुनाव परिणाम विपरीत आने पर बागी नेता अपने तेवर और ज्यादा तीखे कर लेंगे। राहुल और प्रियंका को इस बात का एहसास है। इसी वजह से वह हर मुमकिन कोशिश करके चुनावों को अपने पक्ष में करने की जुगत भिड़ा रहे हैं। इससे पहले राहुल भी तमिलनाडु में मछुआरों से नजदीकी बढ़ाते देखे गए थे। बीते दिन उन्होंने तमिलनाडु के एक स्कूल में पुशअप्स लगाने के साथ जमकर डांस भी किया था।
सोशल मीडिया पर प्रियंका के इस वीडियो को लोगों ने पसंद भी किया तो कुछ ने नसीहत देने के साथ तंज भी कसे। एक यूजर ने लिखा, वैसे प्रियंका अच्छी लगी रही हैं इस रूप में। सुन्दर महिला तो वो हैं ही, इसमे कोई सन्देह नहीं। लेकिन राजनीति का यह तरीका इस युग मे कारगर नहीं है। आपकी आत्मा जब दबे कुचलों के लिए रोएगी और उनके उत्थान के लिए जब आप सर्वस्व त्याग देगे, तभी ये आप को अपना मानेगे। मोदी बनना पड़ेगा।
एक यूजर ने लिखा, हमारा वोट कितना सस्ता है। ये मौसमी नेता चुनाव आते ही जनता की भावनाओं के साथ खेलकर हमारा वोट इस तरह के ड्रामे के रूप में ख़रीद लेते हैं। एक यूजर का कहना था कि चुनाव आते ही भाई बहन ड्रामा कर रहे हैं। भाई समुद्र में डुबकी लगाकर मछलियां पकड़ रहा है तो बहन चाय की पत्तियां तोड़ रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ भी कर लो, मोदी को नहीं हरा पाओगे।