संघ प्रमुख मोहन भागवत, पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से उन्होंने कहा कि अगर गांधी जी को स्वीकार किया है तो अहिंसा, सच्चाई, धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों को भी दिल से स्वीकार करना चाहिए। इससे हिंदुत्व और लव जिहाद जैसे मुद्दे खत्म हो जाएंगे।

राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि 60 साल बाद बीजेपी-आरएसएस ने महात्मा गांधी को अपनाया है। संघ प्रमुख मोहन भागवत, पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से उन्होंने कहा कि अगर गांधी जी को स्वीकार किया है तो अहिंसा, सच्चाई, धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों को भी दिल से स्वीकार करना चाहिए। इससे हिंदुत्व और लव जिहाद जैसे मुद्दे खत्म हो जाएंगे।
टाइम्स नाऊ की खबर के मुताबिक- गहलोत ने शनिवार को एक कार्यक्रम में कहा कि गांधी जी की हत्या करने वाला व्यक्ति उनकी विचारधारा का व्यक्ति था। यह पूरी दुनिया जानती है। उन्होंने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए ही उन्हें स्वीकार किया। गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर के मौके पर ‘प्रशासन गांवों के संग’ एवं ‘प्रशासन शहरों के संग’ अभियान के शुभारंभ पर उन्होंने यह बात कही।
गहलोत ने भरोसा जताया कि उनकी सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। अगली बार भी राज्य में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। पंजाब, छत्तीसगढ़ व राजस्थान में सरकारों को लेकर मीडिया में जारी कयासों पर चुटकी लेते हुए गहलोत ने कहा कि निश्चिंत रहें, यह सरकार पूरे पांच साल चलेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सत्ता विरोधी लहर नहीं है। गहलोत ने विरोधियों पर चुटकी लेते हुए कहा कि जिसको दुखी होना है होता रहे।
अभियान पर गहलोत ने कहा कि इनमें लगने वाले शिविरों के माध्यम से अधिकारी प्रदेश के गरीब व वचिंत वर्गों को राहत प्रदान करें। उन्होंने पांच लाभान्वितों को पट्टे वितरित कर दोनों अभियानों का राज्य स्तर पर आगाज किया। गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार ने गरीबों को उनके आवासों के पट्टे देकर उन्हें राहत देने का निर्णय किया है। उम्मीद है आमजन के सहयोग से ये अभियान सफल होंगे। इस दौरान उन्होंने गांधी दर्शन म्यूजियम का शिलान्यास और महात्मा गांधी इंस्टिट्यूट ऑफ गवर्नेंस एंड सोशल साइंसेज का लोकार्पण भी किया।
गौरतलब है कि गांधी जयंती के मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी बीजेपी सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने बापू के सत्याग्रह की तुलना किसान आंदोलन से की। राहुल गांधी ने किसान आंदोलन को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि विजय के लिए केवल एक सत्याग्रही ही काफी है। उन्होंने बापू के सत्याग्रह से मौजूदा किसान आंदोलन को जोड़ते हुए इसका एक वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया।