शिल्पा शेट्टी की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिसमें वह माता वैष्णो देवी के दरबार दर्शन के लिए जाती नजर आ रही हैं।

बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी बीते कुछ दिनों से राज कुंद्रा से जुड़े मामले को लेकर काफी सुर्खियों में थीं। वहीं हाल ही में एक्ट्रेस अपनी कुछ तस्वीरों और वीडियो को लेकर चर्चा में आ गई हैं। उनकी यह तस्वीरें माता वैष्णो देवी मंदिर और जम्मू के कौल कंडोली मंदिर से जुड़ी हुई हैं। दरअसल, शिल्पा शेट्टी हाल ही में माता वैष्णो देवी के मंदिर दर्शन करने पहुंची। वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान शिल्पा शेट्टी को सुरक्षा प्रदान करने के लिए उनके आसपास कुछ पुलिसकर्मी भी नजर आए।
शिल्पा शेट्टी अपने एक वीडियो में घोड़े पर सवार नजर आ रही हैं। उनके आसपास सुरक्षाकर्मियों के साथ-साथ कुछ लोग भी मौजूद हैं। जहां कुछ लोग शिल्पा शेट्टी के साथ फोटो क्लिक करवाने की कोशिश कर रहे हैं तो वहीं कुछ लोग शिल्पा शेट्टी की यात्रा में मदद करते हुए नजर आए। इस दौरान एक्ट्रेस और उनके साथ के लोगों ने ‘जय माता दी’ के नारे भी लगाए।
अपनी कुछ तस्वीरों में शिल्पा शेट्टी माता के दरबार तक पैदल यात्रा करते हुए भी नजर आईं। इस दौरान शिल्पा शेट्टी प्रिंटेड ग्रीन एंड व्हाइट रंग का सूट पहने, मास्क लगाए दिखाई दीं। जहां आगे-आगे पुलिसकर्मी चलते नजर आए तो वहीं पीछे-पीछे एक्ट्रेस चलती हुई दिखाई दीं।
बताया जा रहा है कि शिल्पा शेट्टी बीते बुधवार को जम्मू और कश्मीर एयरपोर्ट से कटड़ा के लिए रवाना हुई थीं। इस यात्रा के बारे में शिल्पा शेट्टी ने मीडियाकर्मियों से भी बातचीत की और बताया कि वैष्णो देवी के दरबार में आकर वह काफी खुश हैं। एक्ट्रेस का कहना है कि माता के बुलाने के कारण ही वह उन्हें प्रणाम करने वैष्णो देवी पहुंची हैं।
इसके अलावा शिल्पा शेट्टी की एक फोटो भी खूब वायरल हो रही है, जिसमें वह जम्मू के कौल कंडोली मंदिर के दर्शन करती नजर आ रही हैं। फोटो में शिल्पा सेट्टी नारंगी रंग का सूट पहने, मास्क लगाए और हाथ में माता की चुन्नी लिए दिखाई दीं।
बता दें कि माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए आने से पहले शिल्पा शेट्टी ने गणेश चतुर्थी के खास मौके पर घर में भगवान गणेश की प्रतिमा भी स्थापित की थी।