सुनील ग्रोवर कपिल शर्मा शो में वापसी कर सकते हैं। द कपिल शर्मा शो के निर्माता सलमान खान पुरजोर कोशिश कर रहे हैं कि वो शो में वापस आ जाएं।

मशहूर कॉमेडियन सुनील ग्रोवर को लेकर ऐसी खबरें हैं कि वो, ‘The Kapil Sharma Show’ में वापसी करने वाले हैं। शो हाल ही में कुछ समय के लिए बंद हुआ है और सुनील ग्रोवर शो के शुरू होने पर शो से जुड़ सकते हैं। कहा जा रहा है कि सलमान खान इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सलमान खान ‘द कपिल शर्मा शो’ के प्रोड्यूसर हैं। जाहिर सी बात है सुनील ग्रोवर के शो के वापसी से शो की टीआरपी को फायदा होगा।
वेबसाइट कोईमोई डॉट कॉम की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान लंबे समय से कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर के बीच के विवाद को सुलझाने में लगे हैं। सुनील ग्रोवर की सलमान खान से अच्छी दोस्ती है और इसी वजह से सलमान उन्हें शो पर वापस लाने की कोशिश में हैं। शो को आगे बढ़ाने में सुनील ग्रोवर की भूमिका अहम है, इसलिए सलमान खान चाहते हैं कि जब शो, दोबारा शुरू हो तब सुनील ग्रोवर भी उसमें दिखें।
फैंस को सुनील ग्रोवर का कपिल शर्मा शो में निभाया गया ‘गुत्थी’ और ‘डॉक्टर मशहूर गुलाटी’ का किरदार काफी पसंद आया था। अक्सर लोग यह मांग करते हैं कि सुनील ग्रोवर दोबारा शो में वापसी करें। इस खबर से अब लगता है कि फैंस को दोबारा सुनील ग्रोवर की दमदार कॉमेडी देखने का मौका मिल सकेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, कपिल के मेकअप आर्टिस्ट ने सुनील ग्रोवर के साथ एक फोटो शेयर की है जिसे देखकर शो में उनकी वापसी को हवा मिल रही है।
सुनील ग्रोवर शो से इसलिए अलग हो गए थे क्योंकि कपिल शर्मा से उनकी लड़ाई हो गई थी। दोनों के बीच फ्लाइट में किसी बात को लेकर लड़ाई हुई थी। इसके बाद कपिल ने सुनील ग्रोवर से माफी भी मांग ली थी। लेकिन सुनील ग्रोवर ने कपिल शर्मा शो को अलविदा कह दिया। दोनों के बीच अब मनमुटाव काफी कम हो चला है।
सुनील ग्रोवर अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी काफी एक्टिव रहते हैं। हाल ही में उन्होंने एक वीडियो शेयर कर फैंस को हंसाने की कोशिश की है। वो वीडियो में सड़क किनारे छोले- कुल्चे बेचते नज़र आए हैं। वैलेंटाइन डे पर शेयर किए गए इस वीडियो को उन्होंने कैप्शन दिया था, ‘वेलेंटाइन्स डे पर अपने प्यार को छोले कुल्चे जरूर खिलाओ।’ वीडियो में सुनील ग्रोवर छोले कुल्चे बना रहे हैं और वो सर्व भी कर रहे हैं।