7th pay commission: त्योहारों से पहले केंद्र सरकार ने रेलवे के कर्मचारियों को बोनस देने का ऐलान किया है। सरकार की इस घोषणा से 11.56 लाख रेलवे कर्मचारियों को फायदा मिलेगा। वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक प्रेस कांफ्रेंस में ये घोषणा की।

7th Pay Commission: दशहरे से पहले ही रेलवे के कर्मचारियों को सरकार की तरफ से बड़ी खुशखबरी मिली है। केंद्र सरकार ने रेलवे के कर्मचारियों को बोनस देने का ऐलान किया है। इस घोषणा से 11.50 लाख से ज्यादा रेलवेकर्मियों को फायदा होगा। केद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने ये घोषणा की है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए आरपीएफ/आरपीएसएफ कर्मियों को छोड़कर भारतीय रेलवे के कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर बोनस को मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मोदी सरकार के इस फैसले की जानकारी एक प्रेस कांफ्रेंस में दी। उन्होंने कहा कि सरकार के इस कदम से 11.56 लाख रेलवे कर्मचारियों को फायदा मिलेगा।
रेलेवे कर्मियों के इस बोनस पर 1,985 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पिछले साल इस पर 2,081.68 करोड़ रुपये का खर्च आया था। मिली जानकारी के अनुसार रेल मंत्रालय ने रेल कर्मचारियों के लिए 78 दिनों के वेतन के बराबर पीएलबी के भुगतान के लिए केंद्रीय कैबिनेट के सामने एक प्रस्ताव पेश किया था, जिसे बुधवार को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी। हर साल रेलवे के इन कर्मचारियों को दशहरे से पहले बोनस मिल जाता है। पिछले कई सालों से इस फॉर्मूले का पालन भी हो रहा है। इस बार भी सरकार ने कहा कि है नवरात्रि से पहले ही बोनस का भुगतान कर दिया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2010-11 से 2019-20 तक 78 दिनों के वेतन बराबर की पीएलबी राशि का भुगतान किया गया है। वर्ष 2020-21 के लिए भी 78 दिनों के वेतन के बराबर पीएलबी राशि का भुगतान किया जाएगा। रेलवे के प्रदर्शन में और सुधार करने की दिशा में प्रोत्साहित करने के लिए कर्मचारियों को ये बोनस हर साल दिया जाता है। इससे पहले सरकार ने रेलवे के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाया था। इनके महंगाई भत्ते में 25 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी।
रिपोर्ट के अनुसार इस बोनस से बाजार में उछाल की भी संभावना जताई जा रही है। त्योहारी सीजन से पहले कर्मचारियों को बोनस मिलने से जमकर खरीददारी की उम्मीद जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बोनस के पैसों से कर्मचारी त्योहार पर खरीददारी कर सकते हैं जिससे भारतीय बाजार में मजबूती आ सकती है।